
उत्तराखंड शासन द्वारा बड़कोट क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण निर्णय लेते हुए उपराड़ी गांव निवासी एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री चंडी प्रसाद बेलवाल को उत्तराखंड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद में सदस्य पद पर मनोनीत किया गया है।

चंडी प्रसाद बेलवाल के मनोनयन की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। सामाजिक, राजनीतिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने इसे बड़कोट क्षेत्र के लिए सम्मान की बात बताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

बताया जा रहा है कि चंडी प्रसाद बेलवाल लंबे समय से सामाजिक सरोकारों एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। जनहित और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए शासन द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि वे अपने नए दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए पिछड़ा वर्ग समाज के कल्याण, उत्थान एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे तथा समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उनके मनोनयन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बड़कोट क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है।



