Blog
Trending

जिला प्रधान संगठन में बढ़ी तकरार, नौगांव ब्लॉक संगठन ने जिला अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

DM कार्यालय में लगाए गए आरोपों को बताया व्यक्तिगत राजनीति, 48 घंटे में माफी नहीं तो आंदोलन और पुतला दहन की चेतावनी

उत्तरकाशी। जिला प्रधान संगठन में विवाद गहराता नजर आ रहा है। विकासखंड नौगांव के प्रधान संगठन ने जिला प्रधान संगठन अध्यक्ष की ओर से एक सितंबर को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर लगाए गए आरोप-प्रत्यारोप पर कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन ने इसे व्यक्तिगत राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित बताते हुए निंदा प्रस्ताव जारी किया है।

प्रधान संगठन विकासखंड नौगांव की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि जिला अध्यक्ष ने संगठन के पदाधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्षों से बिना चर्चा किए जिला प्रधान संगठन के बैनर का इस्तेमाल किया। संगठन का कहना है कि इस तरह संगठन के बैनर का कथित दुरुपयोग कर व्यक्तिगत राजनीति को बढ़ावा दिया गया, जिससे पूरे संगठन की छवि प्रभावित हुई है।

नौगांव प्रधान संगठन ने यमुनोत्री विधानसभा के विधायक के संबंध में जिला अध्यक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों से भी खुद को अलग किया है। संगठन के मुताबिक, विधायक के खिलाफ लगाए गए आरोप जिला अध्यक्ष का व्यक्तिगत बयान हैं और इनका विकासखंड नौगांव के प्रधान संगठन तथा जिले के अधिकांश प्रधानों से कोई लेना-देना नहीं है।

‘संगठन का बैनर किसी की निजी जागीर नहीं’

प्रेस विज्ञप्ति में प्रधान संगठन ने स्पष्ट कहा है कि संगठन का बैनर किसी व्यक्ति की निजी जागीर नहीं है। संगठन के मुताबिक, किसी भी पदाधिकारी द्वारा संगठन के बैनर का इस्तेमाल करने से पहले संगठन के संबंधित पदाधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्षों से विचार-विमर्श किया जाना चाहिए।

जिला अध्यक्ष से रखी दो मांगें

नौगांव ब्लॉक प्रधान संगठन ने जिला अध्यक्ष के सामने दो मांगें रखी हैं। पहली मांग है कि यदि जिला अध्यक्ष व्यक्तिगत राजनीति करना चाहते हैं तो उन्हें प्रधान संगठन के पद से तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

दूसरी मांग में कहा गया है कि यदि वह पद पर बने रहना चाहते हैं तो यमुनोत्री विधानसभा के समस्त प्रधानों और ब्लॉक संगठन नौगांव से सार्वजनिक रूप से लिखित माफी मांगें। साथ ही भविष्य में इस तरह के कृत्य नहीं करने का लिखित आश्वासन देने की मांग की गई है।

48 घंटे में माफी नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

प्रधान संगठन विकासखंड नौगांव ने जिला अध्यक्ष को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के भीतर माफी नहीं मांगी गई तो नौगांव ब्लॉक संगठन जिले के अन्य ब्लॉकों के प्रधानों के साथ मिलकर आंदोलन करेगा और जिला अध्यक्ष का पुतला दहन किया जाएगा।

संगठन ने कहा है कि ऐसी स्थिति में होने वाली कार्रवाई की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला अध्यक्ष की स्वयं की होगी।

यह प्रेस विज्ञप्ति प्रधान संगठन विकासखंड नौगांव, उत्तरकाशी की ओर से अध्यक्ष त्रेपन सिंह रावत और सचिव एम्पी सिंह चौहान के नाम से जारी की गई है।

अस्वीकरण: खबर में लगाए गए आरोप प्रधान संगठन विकासखंड नौगांव की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित हैं। जिला अध्यक्ष का पक्ष इस विज्ञप्ति में शामिल नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button