पुरोला के सुदूरवर्ती गांव नौरी में पुलिस चौपाल, नशे और साइबर अपराधों के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
पुरोला। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों और महिला संबंधी अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस द्वारा जनपदभर में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 08 सितंबर 2026 को थाना पुरोला पुलिस ने क्षेत्र के सुदूरवर्ती ग्राम नौरी में पुलिस चौपाल का आयोजन किया।

पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को सुना तथा विभिन्न अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

नशे के खिलाफ एकजुट होने की अपील
पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।
उन्होंने ग्रामीणों से नशे के विरुद्ध पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी
चौपाल के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी सतर्क किया। ग्रामीणों को सलाह दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने संदिग्ध फोन कॉल, लिंक, मैसेज और ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने तथा साइबर ठगी या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
महिला एवं बाल अधिकारों की भी दी जानकारी
पुलिस चौपाल में महिला संबंधी अपराधों तथा महिला एवं बाल अधिकारों से जुड़े कानूनों के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई। साथ ही आपात स्थिति में डायल 112 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता के बारे में जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार के अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस चौपाल में थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत, महिला उपनिरीक्षक अक्षु रानी सहित थाना पुरोला के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
उत्तरकाशी पुलिस का कहना है कि अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस के साथ-साथ आमजन की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है।



