Blog
Trending

काशी विश्वनाथ मंदिर के दानपात्र से चोरी का खुलासा, 5 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

₹1.60 लाख से अधिक की नकदी, 1130 सिक्के और 680 नेपाली नोट बरामद; पुलिस टीम को ₹13,500 का पुरस्कार

उत्तरकाशी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नंदीगृह में स्थित दानपात्र का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने के मामले का उत्तरकाशी पुलिस ने मात्र पांच घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल अभियुक्त शुभम नौटियाल को साल्ड बैण्ड, ज्ञानसू के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ₹1,60,295 की नकदी, 1130 सिक्के और 680 नेपाली नोट बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के महन्त द्वारा कोतवाली उत्तरकाशी में तहरीर दी गई कि बीती रात अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर के नंदीगृह में स्थित दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी धनराशि चोरी कर ली। तहरीर के आधार पर कोतवाली उत्तरकाशी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए) और 331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी श्री जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्री दिनेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने उत्तरकाशी बाजार, मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सुरागरसी-पतारसी और अन्य पुलिस कार्रवाई के जरिए आरोपी की पहचान की गई।

पुलिस के अनुसार, त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र पांच घंटे के भीतर आरोपी शुभम नौटियाल पुत्र लक्ष्मी प्रसाद नौटियाल, निवासी ज्ञानसू, उत्तरकाशी, उम्र 28 वर्ष को साल्ड बैण्ड, ज्ञानसू के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी धनराशि के साथ 1130 सिक्के और 680 नेपाली नोट बरामद किए गए।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम को मिला नगद पुरस्कार

घटना का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने टीम को ₹2,500 के नगद पारितोषिक से सम्मानित किया।

वहीं, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के महन्त श्री अजय पुरी जी ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम को ₹11,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया। इस तरह पुलिस टीम को कुल ₹13,500 का नगद पुरस्कार मिला।

गिरफ्तार अभियुक्त: शुभम नौटियाल पुत्र लक्ष्मी प्रसाद नौटियाल, निवासी ज्ञानसू, जनपद उत्तरकाशी, उम्र 28 वर्ष।

बरामद माल: ₹1,60,295 नकद, 1130 सिक्के एवं 680 नेपाली नोट।

पुलिस टीम

वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिलमोहन बिष्ट, उपनिरीक्षक विनोद पंवार, मुख्य आरक्षी गोविन्द गुसाईं, मुख्य आरक्षी रणजीत कुमार, आरक्षी दीपक चौहान, आरक्षी सुनील मैथाणी, आरक्षी गजेन्द्र, आरक्षी नीरज रावत (एसओजी), आरक्षी काशीष भट्ट (एसओजी) एवं महिला आरक्षी लक्ष्मी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button