मोरी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी युवक को देहरादून से किया गिरफ्तार
पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने नाबालिग को नालापानी चौक से सकुशल बरामद किया, मामले में POCSO एक्ट की धारा बढ़ाई गई

मोरी/उत्तरकाशी। थाना मोरी क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को देहरादून से सकुशल बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बीते 3 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना मोरी में अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए कहीं चले जाने और वापस घर नहीं लौटने के संबंध में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर थाना मोरी में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत नाबालिग के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया।
मामला नाबालिग से संबंधित और संवेदनशील होने के चलते पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने नाबालिग की शीघ्र बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले के खुलासे के लिए पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट श्री चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मोरी श्री दीपक रावत के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस सिस्टम और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, टीम के प्रयासों के बाद 10 सितंबर 2026 को नाबालिग को नालापानी चौक, देहरादून से सकुशल बरामद किया गया। इसके साथ ही मामले में दुष्कर्म के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गवाहों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 65(1) बीएनएस एवं धारा 5(ठ) पोक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी:
नीरज कुमार पुत्र विजय कुमार, निवासी पुरोला गांव, हाल निवासी आर्यनगर, देहरादून, उम्र 20 वर्ष।
पुलिस टीम:
म0उ0नि0 संतोष भट्ट
अ0उ0नि0 भगत राम नौटियाल
कानि0 अजय रमोला
कानि0 महिदेव चौहान
एसओजी टीम


