चिन्यालीसौड़ की जर्जर सड़कों पर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली सख्त, PMGSY को 7 दिन का अल्टीमेटम
अध्यक्ष ने अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर दो दिन में काम शुरू करने और सात दिन में सड़कें गड्ढामुक्त करने की मांग की

चिन्यालीसौड़। नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के अध्यक्ष मनोज कोहली ‘श्याम’ ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर सुलीठांग–औलदेर रोड, कोटबागी मोटर मार्ग और चिन्याली गांव तक की सड़क की बदहाल स्थिति में तत्काल सुधार किए जाने की मांग की है।

अध्यक्ष मनोज कोहली ने पत्र में कहा कि इन मार्गों पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें की जा रही हैं, बावजूद इसके सड़कों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

पालिका अध्यक्ष ने सड़क की खराब स्थिति के साथ जल निकासी के लिए नालियों का अभाव, निर्धारित मानकों के अनुरूप सड़क की चौड़ाई नहीं होने तथा 5 वर्षीय अनुरक्षण (Maintenance) दायित्व का उचित निर्वहन नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया है।
दो दिन में काम शुरू, सात दिन में सड़क सुरक्षित बनाने की मांग
अध्यक्ष ने PMGSY को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि अधिकतम दो दिनों के भीतर सड़कों के मरम्मत एवं सुधार का कार्य धरातल पर शुरू किया जाए, जबकि सात दिनों के भीतर संबंधित सभी मार्गों को गड्ढामुक्त कर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन योग्य बनाया जाए।
पत्र में अध्यक्ष ने कहा कि यदि निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई नहीं की जाती है तो नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज कराने तथा उच्च न्यायालय/शासन के समक्ष आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
अध्यक्ष ने सड़क सुरक्षा को सीधे तौर पर आम नागरिकों के जीवन से जुड़ा विषय बताते हुए संबंधित विभाग से मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयसीमा के भीतर कार्य शुरू करने की मांग की है।
पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एआरटीओ तथा अधिशासी अभियंता PMGSY को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।


