
बड़कोट, उत्तरकाशी: पृथ्वी दिवस 2026 के अवसर पर राजेंद्रसिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वाधान में “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह (Our Power, Our Planet)” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य महोदय की अध्यक्षता में यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के नोडल अधिकारी श्री आशीष नौटियाल (अर्थशास्त्र विभाग) एवं डॉ. पूजा रावत (गृह विज्ञान विभाग) द्वारा संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संधारणीय भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर श्री आशीष नौटियाल ने अपने व्याख्यान में बताया कि वर्तमान समय में हमारे ग्रह को निवास स्थान के नुकसान, आक्रामक प्रजातियों के प्रसार, अनियंत्रित जनसंख्या वृद्धि, प्रदूषण और अत्यधिक चराई जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता का ह्रास और ओजोन परत का क्षरण पृथ्वी के संतुलन के लिए बड़ी चुनौती बन चुके हैं।

डॉ. पूजा रावत ने वैश्विक कचरा संकट पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान में विश्व में प्रतिवर्ष लगभग 2.1 बिलियन टन ठोस कचरा उत्पन्न हो रहा है, जो 2050 तक 3.8 बिलियन टन तक पहुँचने का अनुमान है। इसके अलावा फास्ट फैशन और खाद्य अपव्यय पर्यावरण के लिए गंभीर खतरे हैं। उन्होंने बताया कि वर्षाना लगभग 1.3 बिलियन टन भोजन बर्बाद होता है, जो वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन का 8.2% योगदान देता है।

समाधान के रूप में वक्ताओं ने “रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल (Reduce, Reuse, Recycle)” के सिद्धांत अपनाने, ऊर्जा की बचत करने, हरित परिवहन का उपयोग करने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्थानीय और मौसमी उत्पादों का चयन करने और अनावश्यक अपव्यय से बचने की सलाह दी।

अंत में कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि हमारी छोटी-छोटी जागरूक और जिम्मेदार क्रियाएं ही भविष्य की पृथ्वी को सुरक्षित और संतुलित बना सकती हैं। कार्यक्रम में डॉ. संगीता रावत सहित अन्य प्राध्यापकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



