Blog

भूस्खलन प्रभावित छेणद खालसी पहुंचे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, राहत के लिए 10 लाख रुपये की सहायता की घोषणा

प्रभावित परिवारों से मिलकर सुनी समस्याएं, प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा से कराई फोन पर बात; हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

भारी बारिश के चलते भूस्खलन से प्रभावित ग्राम पंचायत छेणद खालसी के प्रभावित परिवारों से मिलने रविवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता दीपक बिजल्वाण राजकीय प्राथमिक विद्यालय छेणद पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

दौरे के दौरान दीपक बिजल्वाण ने ग्रामीणों की जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा से दूरभाष पर वार्ता भी कराई। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत छेणद के लिए आपदा राहत मद में जिला योजना से 10 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने कहा कि प्रभावित परिवारों की प्रत्येक जायज़ मांग को प्रशासन और संबंधित विभागों तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विभागों के समन्वय से प्रभावित परिवारों की समस्याओं के स्थायी और उचित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवार स्वयं को अकेला न समझें। पूरे क्षेत्र के लोग उनके साथ खड़े हैं और हर चुनौती का मिलकर सामना किया जाएगा।

इस दौरान ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने की मांग उठाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button