Blog
Trending

चमोली में दर्दनाक हादसा: अस्पताल की दीवार गिरने से चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी की मौत

मरम्मत कार्य का निरीक्षण करते समय भरभराकर गिरी क्षतिग्रस्त दीवार, मलबे में दबने से गई जान

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जनपद में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर में क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निरीक्षण कर रहे चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई। इस घटना से स्वास्थ्य विभाग और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, बीती 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान बहकर आए मलबे से अस्पताल की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। दोपहर करीब 1 बजे डॉ. नवीन डिमरी मरम्मत कार्य का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पहले से खोखली और कमजोर हो चुकी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वे मलबे में दब गए।

घटना के तुरंत बाद अस्पताल के कर्मचारियों, स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल डॉ. डिमरी को मलबे से निकालकर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। लेकिन कर्णप्रयाग अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।

कर्णप्रयाग के सीएमएस डॉ. बी.पी. पुरोहित ने चिकित्साधिकारी की मौत की पुष्टि की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। साथ ही परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

इस दुखद घटना के बाद अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल की क्षतिग्रस्त संरचनाओं की समय रहते मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button