Blog
Trending

अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार की तबीयत बिगड़ी, एयर एम्बुलेंस से देहरादून रेफर

खराब मौसम के बीच 25 मिनट तक आसमान में मंडराती रही एयर एम्बुलेंस, प्रेस क्लब और प्रशासन की तत्परता से मिला समय पर उपचार

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एयर एम्बुलेंस के माध्यम से देहरादून रेफर किया गया। चिकित्सकों द्वारा उनकी गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उच्च उपचार के लिए दून अस्पताल भेजने का निर्णय लिया गया।

जानकारी के अनुसार, प्रेस क्लब उत्तरकाशी के अध्यक्ष चिरंजीव सेमवाल ने प्रेस क्लब के साथियों के सहयोग से अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी.एस. पोखरियाल तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी से तत्काल एयर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिसके बाद दोपहर बाद करीब पौने चार बजे एयर एम्बुलेंस उत्तरकाशी पहुंची।

हालांकि, जिले में खराब मौसम के कारण एयर एम्बुलेंस को लगभग 25 मिनट तक आसमान में मंडराना पड़ा। प्रतिकूल मौसम के बावजूद पायलट की सूझबूझ और अनुभव के चलते हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रूप से अगलाड़ पुल मार्ग से होते हुए सहस्रधारा हेलीपैड तक पहुंचाया गया।

प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और प्रेस क्लब की समन्वित पहल के चलते सुरेश कुमार को समय रहते उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए देहरादून रेफर किया जा सका। स्थानीय लोगों और पत्रकारों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की तथा सुरेश कुमार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button