उत्तरकाशी। दयारा बुग्याल ट्रेक क्षेत्र में लापता हुई महिला ट्रेकर की तलाश के लिए पुलिस-प्रशासन और विभिन्न बचाव एजेंसियों द्वारा व्यापक खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। 29 मई 2026 की रात्रि को महिला ट्रेकर के लापता होने की सूचना मिलने के बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन संचालित किया जा रहा है।
खोज अभियान में आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग किया जा रहा है। ड्रोन और श्वान दस्तों की मदद से दयारा बुग्याल क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
रविवार और सोमवार को व्यापक सर्चिंग के बाद मंगलवार 2 जून 2026 को प्रातः पुलिस, SDRF, NDRF, वन विभाग, आपदा प्रबंधन की QRT, ITBP तथा सेना के जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों और पोर्टरों के सहयोग से कई टीमों का गठन कर दयारा ट्रेक क्षेत्र की अलग-अलग दिशाओं में पुनः सघन खोज अभियान शुरू किया। लापता महिला ट्रेकर की तलाश के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय लगातार अभियान की समीक्षा और निगरानी कर रही हैं। उनके निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार पिछले दो से तीन दिनों से दयारा ट्रेक क्षेत्र में कैंप कर स्वयं खोज अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।
पुलिस-प्रशासन और सभी संबंधित एजेंसियों का कहना है कि महिला ट्रेकर की सुरक्षित खोज के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और सभी संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी ली जा रही है।



