चिन्यालीसौड़ में पूर्व सैनिकों ने मनवीर सिंह चौहान के समक्ष रखीं मांगें, 2027 के लिए दिया आशीर्वाद
उपनल कर्मियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, मानदेय वृद्धि और अन्य सुविधाओं की मांग उठाई

चिन्यालीसौड़ में उपनल (UPNL) के माध्यम से विभिन्न विभागों में कार्यरत पूर्व सैनिकों और सुरक्षा कर्मियों ने भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से अवगत कराया।

पूर्व सैनिकों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करने तथा 8 से 12 घंटे तक की ड्यूटी और कठिन परिस्थितियों को देखते हुए मानदेय में उचित वृद्धि की मांग रखी। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक ड्यूटी करने के बावजूद सुरक्षा कर्मियों को कई सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। 
पूर्व सैनिकों ने अपनी मांगों पर शासन स्तर से आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई। इस दौरान मनवीर सिंह चौहान ने उनकी समस्याओं को सुनते हुए कहा कि वे इन मांगों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखेंगे और समाधान के लिए अपने स्तर से प्रयास करेंगे।
मुलाकात के दौरान पूर्व सैनिकों ने चौहान द्वारा उनकी समस्याओं को शासन स्तर पर उठाने के आश्वासन पर आभार जताया। पूर्व सैनिकों ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी चौहान को अपना आशीर्वाद और सहयोग देने की बात कही।
हालांकि, मुलाकात का मुख्य विषय उपनल के तहत कार्यरत पूर्व सैनिकों और सुरक्षा कर्मियों की सेवा संबंधी समस्याएं एवं उनकी मांगें रहीं।



