मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर जियो अधिकारियों से मिले मनमोहन सिंह चौहान
आराकोट–बंगाण क्षेत्र में नए मोबाइल टावर लगाने और बंद पड़े जियो टावरों को शुरू करने की मांग

आराकोट–बंगाण। क्षेत्र में लंबे समय से बनी मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा नेता मनमोहन सिंह चौहान ने 19 सितंबर 2026 को जियो के उत्तराखंड स्थित हेड ऑफिस पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की। 
इस दौरान मनमोहन सिंह चौहान ने जियो के रियल एस्टेट हेड से मुलाकात कर आराकोट–बंगाण क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्र में नए मोबाइल टावर स्थापित करने के साथ ही लंबे समय से बंद या निष्क्रिय पड़े जियो टावरों को शीघ्र शुरू करने की मांग रखी। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को लिखित मांग भी सौंपी।
चौहान ने कहा कि आराकोट–बंगाण जैसे दूरस्थ क्षेत्र में बेहतर मोबाइल नेटवर्क लोगों की आवश्यक जरूरत बन चुका है। नेटवर्क की समस्या के कारण स्थानीय जनता, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने जियो अधिकारियों से क्षेत्र की नेटवर्क समस्या के समाधान के लिए जल्द उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया।



