केदारताल ट्रेक पर रेस्क्यू अभियान के दौरान बर्फ में दबे मिले महिला और पुरुष के शव, पहचान नहीं हो पाई
दारताल में लापता ट्रेकर्स की तलाश जारी, बर्फ में दबे मिले दो शव

पुरोला:::: उत्तरकाशी जनपद के केदारताल ट्रेक पर खराब मौसम और भारी हिमपात के चलते फंसे ट्रेकर्स की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। मंगलवार 3 नवंबर को एसडीआरएफ और निम की संयुक्त टीम को सर्च अभियान के दौरान एवलांच में दबे एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद हुए हैं। हालांकि, दोनों शवों की पहचान नहीं हो पाई है।
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6:39 बजे सोल सीकर ट्रैकिंग एजेंसी के संचालक ने जानकारी दी थी कि गंगोत्री से केदारताल ट्रेकिंग के लिए एक दल रवाना हुआ था। वापसी के दौरान भारी हिमपात और एवलांच की चपेट में आने से 7 ट्रेकर्स और 1 गाइड सहित कुल 8 सदस्य लगभग 4,000 मीटर की ऊंचाई पर फंस गए थे।
सूचना के आधार पर एसडीआरएफ और निम की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे से लापता लोगों की संभावित लोकेशन वाले क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान एवलांच में दबे एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद हुए। संयुक्त टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बर्फ से बाहर निकाला, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी।

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार अपराह्न करीब 3 बजे सर्च अभियान समाप्त करने के बाद संयुक्त टीम वापस बेस कैंप लौट गई। बुधवार 4 नवंबर को पुनः सर्च अभियान चलाया जाएगा।
रेस्क्यू अभियान को देखते हुए संयुक्त टीम ने घटनास्थल पर वैकल्पिक हेलीपैड भी तैयार कर दिया है। इसके लिए समुद्र तल से 4,005 मीटर की ऊंचाई पर स्थित स्थान को चिह्नित किया गया है। इसका अक्षांश 30.95111111 उत्तर और देशांतर 78.94694444 पूर्व दर्ज किया गया है।
आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, अभियान की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त होने पर अलग से जानकारी साझा की जाएगी।



