सामाजिक विज्ञान महोत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, तीन विजेता ब्लॉक स्तर के लिए चयनित
भाषण, मॉडल निर्माण और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

पुरोला:::: संकुल चंदेली में मंगलवार को संकुल समन्वयक संतोष राणा के मार्गदर्शन में सामाजिक विज्ञान महोत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया। महोत्सव में संकुल के नौ में से सात उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भाषण, मॉडल निर्माण एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय चंदेली की प्रियांजलि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मॉडल प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय सौंदाड़ी के नैतिक कुमार विजेता रहे, जबकि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय सौंदाड़ी के अंश ने पहला स्थान हासिल किया। तीनों विजेता अब ब्लॉक स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव में संकुल चंदेली का प्रतिनिधित्व करेंगे।

भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ‘समाज में नारी की भूमिका’ तथा ‘मोबाइल के लाभ एवं दुष्परिणाम’ जैसे समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। वहीं मॉडल प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जैविक खेती, अर्थव्यवस्था, स्मार्ट सिटी और जल संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल प्रदर्शित कर अपनी रचनात्मक सोच का परिचय दिया।

कार्यक्रम के दौरान सुरेश शाह ने सामाजिक विज्ञान महोत्सव की रूपरेखा एवं प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन हुकम सिंह, रोशन लाल एवं संतोष राणा ने निर्णायक के रूप में किया।
इस अवसर पर शिक्षक रघुवीर सिंह रावत, बिजेंद्र रावत, भारत भूषण, यशवंत चौहान, निशा राणा सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन एवं ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाओं के साथ हुआ।



