चंबा में स्वच्छ स्पर्श समूह का सातवां स्वच्छता अभियान आयोजित, भगवान जगन्नाथ फाउंडेशन ने भी निभाई सहभागिता
नई टिहरी रोड पर चलाया सफाई अभियान, स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

चंबा:::: स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर को स्वच्छ स्पर्श समूह की ओर से सातवें स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में भगवान जगन्नाथ फाउंडेशन (भगवान जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति, यमुनोत्री) ने भी सहभागिता निभाई।

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के स्वामी रामतीर्थ परिसर, बादशाहीथौल, टिहरी के शिक्षा विभाग के शोधार्थी अंशुमान कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों एवं स्वच्छता दूतों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

अभियान के तहत चंबा में नई टिहरी रोड पर साफ-सफाई की गई। इस दौरान भगवान जगन्नाथ फाउंडेशन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता चक्रधर नौटियाल ने भी अभियान में भागीदारी की। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय फाउंडेशन की इस सहभागिता को सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहयोग की भावना से जोड़कर देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से क्षेत्र की सफाई की और स्थानीय लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण करने तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रतिभागियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति, संस्था या संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। विभिन्न सामाजिक संगठनों और युवाओं की सहभागिता से ऐसे अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकते हैं।

स्वच्छ स्पर्श समूह की ओर से आयोजित यह सातवां स्वच्छता कार्यक्रम सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक पहल रहा। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद चंबा का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर शिल्पा शर्मा, प्रदीप, प्रियंका शर्मा, अंजलि नेगी, अमन राणा, रोहित, अमित, गौरवी झा, तनु यादव, अनिक कुकरेती सहित अन्य स्वच्छता दूत उपस्थि त रहे।



