Blog
Trending

श्री काशी विश्वनाथ महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम

शिक्षा के साथ कौशल, अनुशासन और रोजगारपरक शिक्षा पर जोर; अतिथियों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का दिया संदेश

उत्तरकाशी, 19 सितंबर 2026। श्री काशी विश्वनाथ महाविद्यालय, उत्तरकाशी में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं महाविद्यालयीन वातावरण से परिचित कराने के उद्देश्य से छात्र परिचय एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उत्तरकाशी के अध्यक्ष श्री रमेश चौहान रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम डुंडा श्री देवानंद शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि रमेश चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को सही दिशा और सकारात्मक मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयीन जीवन भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण चरण है। शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को अपनाकर विद्यार्थी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि एसडीएम डुंडा देवानंद शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों की समझ भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के चेयरमैन दीपेंद्र कोहली ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उत्तरकाशी के युवाओं को शिक्षा के साथ कौशल एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ना भी है। उन्होंने बताया कि युवाओं की आवश्यकताओं और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए रोजगारपरक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी शिक्षा के साथ स्वरोजगार एवं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय जनपद उत्तरकाशी में स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं से जुड़े कौशल विकसित करना आवश्यक है। महाविद्यालय युवाओं को ऐसे पाठ्यक्रम एवं अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयासरत है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनने के साथ अपने क्षेत्र में रहकर भी भविष्य का निर्माण कर सकें।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शैला जोशी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालयी जीवन केवल शिक्षा प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने अतिथियों एवं महाविद्यालय के पदाधिकारियों के साथ अपने अनुभव, जिज्ञासाएं, रुचियां और भविष्य की योजनाएं साझा कीं। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अतिथियों से संवाद कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस अवसर पर चेयरमैन दीपेंद्र कोहली, प्राचार्य डॉ. शैला जोशी, मनवीर सिंह रावत, उपतीस वर्धन, जगदीप कैंतुरा, श्रवण मिश्रा, धनराज महंत, दुर्गेश असवाल, सुरेश राणा, ज्योति सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का आभार व्यक्त किया गया तथा नवप्रवेशित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button