Blog
Trending

आकाशीय बिजली गिरने से 12 भेड़-बकरियों की मौत, 40 से 50 लापता

चांगसील बुग्याल के रयाली थाच में बारिश और बर्फबारी के बीच हुआ हादसा, प्रशासन ने राजस्व टीम को मौके पर भेजा।

पुरोला:::: मोरी विकासखंड के भीतरी गांव के भेड़पालकों को चांगसील बुग्याल स्थित रयाली थाच में प्राकृतिक आपदा से भारी नुकसान उठाना पड़ा है। सोमवार रात हुई बारिश और बर्फबारी के बाद मंगलवार तड़के आकाशीय बिजली गिरने से 12 भेड़-बकरियों की मौत हो गई, जबकि 40 से 50 भेड़-बकरियां लापता बताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।

जानकारी के अनुसार, इन दिनों भीतरी गांव के पशुपालक अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए चांगसील बुग्याल क्षेत्र में ले गए हुए हैं। सोमवार रात क्षेत्र में तेज बारिश और बर्फबारी हुई। मंगलवार सुबह करीब छह बजे आकाशीय बिजली गिरने से प्रकाश सिंह, सुरेश और सोवन सिंह की भेड़-बकरियों की टोली इसकी चपेट में आ गई। हादसे में 12 भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 से 50 पशु लापता हो गए।

भीतरी ग्राम प्रधान महेंद्र कुंवर ने बताया कि चांगसील बुग्याल क्षेत्र में दूरसंचार सुविधा नहीं होने के कारण घटना की सूचना देर से मिल सकी। जानकारी मिलते ही प्रशासन को घटना से अवगत कराया गया।

वहीं, तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान ने बताया कि रयाली थाच क्षेत्र में बारिश, बर्फबारी और आकाशीय बिजली गिरने से दर्जनभर भेड़-बकरियों की मौत तथा कई पशुओं के लापता होने की सूचना मिली है। उप राजस्व निरीक्षक के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम के निरीक्षण के बाद नुकसान का आकलन कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button