Blog
Trending

मोरी में 1 किलो 647 ग्राम चरस के साथ पानीपत के तीन युवक गिरफ्तार, स्कॉर्पियो वाहन सीज

पुलिस ने करीब 3.30 लाख रुपये कीमत की चरस की बरामद, दीपावली के मद्देनजर चल रही चेकिंग के दौरान मिली सफलता; पुलिस टीम को एसपी ने 2500 रुपये के पुरस्कार से किया सम्मानित।

त्योहारी सीजन में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तरकाशी पुलिस ने मोरी क्षेत्र में तीन युवकों को 1 किलो 647 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी सीज कर दिया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को मोरी पुलिस की टीम मोरी-नेटवाड़ रोड पर देई झूला पुल जाने वाले रास्ते के समीप चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या HR 60P 0429 (स्कॉर्पियो) की जांच में 1 किलो 647 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। वाहन में सवार तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघव गाड़ी (21), सन्नी गौतम (25) और हिमांशु (22) के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के पानीपत के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दीपक रावत सहित छह पुलिसकर्मी शामिल रहे।

एसपी कमलेश उपाध्याय ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उत्कृष्ट कार्य के लिए 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि दीपावली पर्व को सुरक्षित संपन्न कराने और त्योहारी सीजन में नशे के अवैध कारोबार व अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में सघन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।

32 मुकदमों में 44 नशा तस्कर गिरफ्तार

उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 32 मामलों में 44 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 61.70 लाख रुपये कीमत की 13.6 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त चार आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button