
उत्तरकाशी: पुरोला विकासखंड के शिक्षक पूरण लाल सरियाल ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से उत्तरकाशी जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्हें “मैजिक बुक रिकॉर्ड यूनिवर्सिटी” की ओर से “पीएचएचडी डॉक्टरेट अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान समारोह हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित हुआ, जहां देश के 18 राज्यों से चयनित 55 नागरिकों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों और योगदान के आधार पर डॉक्टरेट की मानक उपाधि से सम्मानित किया गया।

शिक्षक पूरण लाल सरियाल को यह प्रतिष्ठित सम्मान लेखन, इतिहास और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने साहित्य और ऐतिहासिक विषयों पर भी महत्वपूर्ण कार्य किया है।
सीमांत क्षेत्र पुरोला से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाने वाले पूरण लाल सरियाल की इस उपलब्धि से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे उत्तरकाशी जनपद और पहाड़ के लिए गौरव का क्षण बताया।



