
पुरोला। रवांई क्षेत्र को पृथक जनपद घोषित किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को पुरोला नगर में क्षेत्रीय जनता ने विशाल रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। रैली खेल मैदान से शुरू होकर कुमोला रोड, मोरी रोड एवं मुख्य बाजार से होते हुए तहसील परिसर पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।

रैली के दौरान लोगों ने पृथक रवांई जनपद के समर्थन में जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रवांई क्षेत्र लंबे समय से भौगोलिक, प्रशासनिक एवं विकासात्मक उपेक्षा का सामना कर रहा है, जिसके कारण आम जनता को अनेक समस्याओं से जूझना पड़ता है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि क्षेत्र की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते जिला मुख्यालय तक पहुंचना आम लोगों के लिए बेहद कठिन है। ऐसे में प्रशासनिक कार्यों के निस्तारण में देरी होती है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आंदोलनकारियों ने मोरी, पुरोला एवं नौगांव विकासखंडों को शामिल करते हुए पृथक रवांई जनपद के गठन की मांग दोहराई।
आंदोलनकारियों ने कहा कि पृथक जनपद बनने से क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बेहतर विकास संभव हो सकेगा। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस दौरान पूर्व विधायक मालचंद, श्वेता राजकुमार, बलदेव असवाल, प्रकाश कुमार, गोपाल चौहान, अंकित पंवार, सुरेंद्र देवजानी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।



