
बड़कोट/उत्तरकाशी, 27 अप्रैल 2026
राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, बड़कोट में राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा विभागीय गतिविधियों के अंतर्गत एक उत्साहपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विभागीय परिषद के गठन से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
परिषद में सुश्री रज़िया को अध्यक्ष, श्री कौशल को सचिव तथा सुश्री मानसी नौटियाल को सह-सचिव नियुक्त किया गया। विभाग के सभी विद्यार्थियों को परिषद का सदस्य बनाया गया।
इसके बाद राजनीति विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. प्रश्ना मिश्रा के नेतृत्व में विश्व एवं भारत के राजनीतिक मानचित्र पर आधारित प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता चार चरणों में संपन्न हुई, जिसमें छह टीमों ने भाग लिया।
कड़े मुकाबले के बाद टीम F ने 26 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम में दिव्यांशी, मीरा, रज़िया और हरिओम शामिल रहे। वहीं टीम D ने 23 अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जिसमें सचिन, सुमित, मानसी नौटियाल और रोज़ी शामिल थे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूजा एवं आशीष नौटियाल द्वारा किया गया, जबकि निर्णायक मंडल में संगीता रावत, डॉ. पूजा एवं डॉ. प्रश्ना मिश्रा शामिल रहीं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इसे ज्ञानवर्धक और रोचक बताया। इस आयोजन ने छात्रों में सामान्य ज्ञान, भू-राजनीतिक समझ, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक सोच को बढ़ावा दिया। पूरे महाविद्यालय परिसर में कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा।



