शिवपुरी चौकी इंचार्ज विनोद कुमार शर्मा की सड़क हादसे में मौत, एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान निधन
मुनि की रेती क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान वाहन खाई में गिरा, एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर एम्स पहुंचाया, इलाज के दौरान तोड़ा दम

टिहरी गढ़वाल जिले के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में विनोद कुमार शर्मा का निधन हो गया। वह शिवपुरी चौकी में चौकी इंचार्ज के पद पर तैनात थे।


जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान मुनि की रेती से शिवपुरी चौकी जाते समय उनका सरकारी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही आपदा कंट्रोल रूम से अलर्ट जारी किया गया, जिसके बाद SDRF उत्तराखंड की ढालवाला और व्यासी पोस्ट की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।

स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर टीम ने खाई में उतरकर घायल उपनिरीक्षक को बाहर निकाला। बताया गया कि विनोद कुमार शर्मा उस समय अचेत अवस्था में थे। रेस्क्यू टीम ने उन्हें राफ्ट के माध्यम से फूलचट्टी मुख्य मार्ग तक पहुंचाया, जहां से एंबुलेंस द्वारा उन्हें AIIMS ऋषिकेश ले जाया गया।
हालांकि चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की खबर के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है कि वाहन कैसे अनियंत्रित हुआ और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।



