मोरी पुलिस ने 431 ग्राम चरस के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, ₹86 हजार बताई कीमत
नैटवाड़ रोड के कुनारा तिराहे के पास चेकिंग के दौरान KIA वाहन से बरामद हुई चरस, उत्तरकाशी पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक 40 नशा तस्करों को किया गिरफ्तार।

उत्तरकाशी। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोरी पुलिस ने दो आरोपियों को 431 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 86 हजार रुपये है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में नशे और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए सभी थाना एवं कोतवाली प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मोरी के नेतृत्व में 26 अक्टूबर 2026 की रात मोरी पुलिस टीम ने नैटवाड़ रोड पर कुनारा तिराहे के समीप चेकिंग के दौरान वाहन संख्या HR 06 7706 (KIA) को रोका। वाहन में सवार राजेश (48 वर्ष) और सोनू (41 वर्ष) के कब्जे से पुलिस ने 431 ग्राम चरस बरामद की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी
उत्तरकाशी पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 30 मामलों में 40 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 56 लाख रुपये मूल्य की 10.9 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त, चार नशा तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
अपर उपनिरीक्षक रघुवीर चौहान
कांस्टेबल गणेश राणा
कांस्टेबल अनील तोमर

