करवा चौथ से पहले पुरोला बाजार में उमड़ी महिलाओं की भीड़, देर शाम तक रही रौनक
सौंदर्य प्रसाधन, श्रृंगार सामग्री, साड़ी, आभूषण और पूजन सामग्री की दुकानों पर रही सबसे अधिक भीड़

पुरोला। करवा चौथ पर्व से एक दिन पहले बुधवार को पुरोला बाजार में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुहाग पर्व को लेकर महिलाओं ने दिनभर बाजार में खरीदारी की। साड़ी, सूट, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी, सिंदूर, सौंदर्य प्रसाधन, कृत्रिम आभूषण और पूजन सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। देर शाम तक बाजार गुलजार रहा और दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

करवा चौथ को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। सुहागिन महिलाओं ने व्रत और पूजा की तैयारियों के लिए छलनी, करवा, दीपक, पूजा की थाली, मिट्टी के करवे, फल, मिठाई और श्रृंगार का सामान खरीदा। वहीं, युवतियों ने भी फैशन परिधान, कॉस्मेटिक और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की खरीदारी की। मेहंदी लगाने वाले स्थानों पर भी महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

बाजार में कपड़ा, कॉस्मेटिक, ज्वेलरी, मिठाई और फल विक्रेताओं की दुकानों पर पूरे दिन ग्राहकों की भीड़ लगी रही। व्यापारी प्रदीप रावत, सोहन पोखरियाल और चड्ढा कॉस्मेटिक के अनुसार, दीपावली से पहले करवा चौथ का पर्व उनके लिए महत्वपूर्ण रहता है। इस बार भी बिक्री अच्छी रही। पर्व के चलते बाजार में सुबह से ही रौनक बढ़ गई थी, जो देर शाम तक जारी रही।
करवा चौथ के अवसर पर महिलाओं ने घरों की सजावट और पूजा की तैयारियां भी पूरी कीं।


