ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़कोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चरस तस्करी मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, रानाचट्टी से आरोपी आनन्द सिंह को दबोचा; न्यायालय ने भेजा न्यायिक अभिरक्षा में

उत्तरकाशी। जनपद पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” और “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत बड़कोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चरस तस्करी के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 में बड़कोट पुलिस ने हरदयाल और प्रदीप नाम के दो तस्करों को अल्टो कार से अवैध चरस का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना और पूछताछ के दौरान चरस के अवैध कारोबार में आनन्द सिंह की संलिप्तता सामने आई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की।
पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट श्री चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बड़कोट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 23 जून 2026 को पुलिस टीम ने रानाचट्टी क्षेत्र से अभियुक्त आनन्द सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आनन्द सिंह पुत्र भगत सिंह, निवासी ग्राम दागुण, कोतवाली बड़कोट, जनपद उत्तरकाशी, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
वरिष्ठ उपनिरीक्षक रणवीर सिंह चौहान, मुख्य आरक्षी बबूल खान, मुख्य आरक्षी धर्मेन्द्र परमार और पीआरडी जवान महादेव।



