बड़कोट में जनपद स्तरीय राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम आयोजित, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पुरोला ने मारी बाजी
लोक नृत्य और रोल प्ले प्रतियोगिताओं में पुरोला की टीम प्रथम, 5 नवंबर को राज्य स्तर पर करेगी प्रतिभाग

बड़कोट (उत्तरकाशी)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बड़कोट, उत्तरकाशी में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को जनपद स्तरीय राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत लोक नृत्य, रोल प्ले, पोस्टर एवं समूह चर्चा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें जनपद के समस्त विकासखंडों से विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमों ने प्रतिभाग किया।
राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं भावी शिक्षकों में जनसंख्या से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, किशोरावस्था, मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक उत्तरदायित्व, जीवन कौशल एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति वैज्ञानिक और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विषयों पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
जनपद स्तरीय रोल प्ले प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पुरोला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज गड्डू गाड़ की टीम द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज कवां एट हाली की टीम तृतीय स्थान पर रही।
वहीं, लोक नृत्य प्रतियोगिता में भी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पुरोला ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय इंटर कॉलेज पौंटी ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज बड़ेथी धरासू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम 5 नवंबर 2026 को एससीईआरटी उत्तराखंड, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य संजीव जोशी ने प्रतिभागियों को कार्यक्रम के उद्देश्यों के प्रति जागरूक किया और भविष्य में बेहतर तैयारी के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम समन्वयक शांति रतूड़ी ने सभी प्रतिभागियों, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं निर्णायक मंडल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के प्रवक्ता डॉ. सुबोध सिंह बिष्ट एवं डीएलएड प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

