डेरिका के जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी, प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका
कंडियालगांव निवासी 30 वर्षीय युवक का जंगल में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि।

उत्तरकाशी जनपद के पुरोला क्षेत्र अंतर्गत डेरिका के समीप जंगल में मंगलवार शाम एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान लोकेन्द्र भट्ट (लगभग 30 वर्ष), निवासी कंडियालगांव के रूप में हुई है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सामग्री के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा भर लिया है तथा अग्रिम कार्रवाई जारी है।
थानाध्यक्ष दीपक कठैत का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।



