चिन्यालीसौड़ में केंद्रीय विद्यालय खोलने का सीएम ने दिया आश्वासन, ओबीसी छात्रावास पर भी कार्रवाई शुरू: मनवीर चौहान
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित विभागों के सचिवों को दिए निर्देश, उत्तरकाशी-टिहरी के छात्रों को मिलेगा लाभ

देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना तथा देहरादून में ओबीसी समुदाय के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण के प्रस्ताव पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सौंपे गए ज्ञापन पर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

चौहान ने बताया कि चिन्यालीसौड़ उत्तरकाशी और टिहरी जनपद का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय की मांग उठती रही है। उनका कहना है कि यहां केंद्रीय विद्यालय खुलने से दोनों जनपदों के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा और सीमांत क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में सचिव विद्यालयी शिक्षा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा चौहान ने देहरादून में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे ओबीसी समुदाय के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को आवास संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस पर मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव समाज कल्याण को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मनवीर सिंह चौहान ने विश्वास जताया कि केंद्रीय विद्यालय और ओबीसी छात्रावास दोनों परियोजनाएं धरातल पर उतरेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केवल घोषणाएं करने में नहीं, बल्कि उनके क्रियान्वयन पर अधिक जोर देते हैं। उनके अनुसार सरकार शिक्षा, रोजगार और पर्यटन से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से पलायन रोकने तथा यमुनोत्री क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।



