
चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में यात्रा मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और नशा तस्करों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुरोला पुलिस ने दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बीती रात विकासनगर-बड़कोट मोटर मार्ग स्थित नौगांव सौली बैण्ड के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने UK 07HD 76319 नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उनके कब्जे से 8.91 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹2.7 लाख बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुरोला में NDPS एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रमेश सिंह राणा निवासी ग्राम फिताड़ी, थाना मोरी और लाखन सिंह रावत निवासी ग्राम लिवाड़ी, थाना मोरी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 27 वर्ष बताई गई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह रावत, मुख्य आरक्षी विरेन्द्र सिंह और मुख्य आरक्षी राजेन्द्र कुमार शामिल रहे।



