Blog
Trending

उत्तरकाशी पुलिस ने उपनिरीक्षक विक्रम सिंह तोमर को दी भावभीनी विदाई, 37 वर्षों की सेवा के बाद हुए सेवानिवृत्त

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने शॉल, स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति पत्र भेंट कर दी शुभकामनाएं

उत्तरकाशी। पुलिस विभाग में करीब 37 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद उपनिरीक्षक श्री विक्रम सिंह तोमर सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में मंगलवार को पुलिस कार्यालय उत्तरकाशी में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक विक्रम सिंह तोमर को शॉल, स्मृति-चिह्न, प्रशस्ति-पत्र एवं उपहार भेंट कर उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।

पुलिस अधीक्षक ने उनके लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि श्री तोमर की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सौम्य व्यवहार पुलिस विभाग के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पुलिस विभाग हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़ा रहेगा।

विदाई समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्पगुच्छ एवं स्मृति उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर श्री विक्रम सिंह तोमर ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और विभाग एवं सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि जनपद देहरादून निवासी विक्रम सिंह तोमर ने वर्ष 1989 में आरक्षी पद से पुलिस विभाग में अपनी सेवा शुरू की थी। इसके बाद वर्ष 2003 में मुख्य आरक्षी, वर्ष 2017 में उपनिरीक्षक (विशेष श्रेणी), वर्ष 2022 में अपर उपनिरीक्षक और वर्ष 2025 में उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति प्राप्त की।

अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने जनपद टिहरी गढ़वाल, देहरादून और उत्तरकाशी में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वर्तमान में वह थाना पुरोला में तैनात थे। अपने व्यवहार और कार्यशैली के कारण वह सहकर्मियों के बीच हमेशा सम्मानित रहे।

विदाई समारोह में निरीक्षक टीकम सिंह चौहान, निरीक्षक भारु सिंह चौहान, वाचक पुलिस अधीक्षक कोमल सिंह रावत, प्रधान लिपिक रणजीत नेगी, अकाउंटेंट सतीश गौड़, आशुलिपिक कैलाश शाह सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं परिजन मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button