उत्तरकाशी: पेड़ से फिसलकर गहरी खाई में गिरा युवक, दर्दनाक मौत से कलाप गांव में मातम
चारा-पत्ती काटने के दौरान हुआ हादसा, ग्रामीणों ने खाई से निकाला लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

उत्तरकाशी। जनपद के मोरी विकासखंड के कलाप गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक चारा-पत्ती काटने के लिए पेड़ पर चढ़ा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जायतू पुत्र झोली राम (32 वर्ष) चारा-पत्ती काटने के दौरान संतुलन बिगड़ने से पेड़ से नीचे गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर युवक को खाई से बाहर निकालकर गांव पहुंचाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद जायतू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद कलाप गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।



