Blog
Trending

नगर पालिका बोर्ड बैठक में विकास को मिली रफ्तार, 2026-27 बजट समेत कई ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित

100% स्ट्रीट लाइट, सीसी मार्ग, सामुदायिक भवन, घाटों के विकास, स्वरोजगार और सांस्कृतिक मेले सहित जनहित के कई अहम फैसलों को मिली मंजूरी।

चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ की वित्तीय वर्ष 2026-27 की बोर्ड बैठक लंबे समय से चली आ रही बाधाओं के बाद संपन्न हुई। बैठक में वार्षिक बजट को मंजूरी देने के साथ ही नगर के सर्वांगीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में सभी सभासदों तथा पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

बैठक में नगर के सभी वार्डों में 100 प्रतिशत स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने, आंतरिक मार्गों पर सीसी सड़क एवं अन्य सुरक्षात्मक निर्माण कार्य कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रत्येक वार्ड में सामुदायिक भवनों के निर्माण एवं जर्जर भवनों के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग एवं आंतरिक मार्गों पर जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यूजेवीएनएल, जल संस्थान, पेयजल निगम एवं नगर पालिका के संयुक्त प्रयास से कार्य किए जाएंगे। वहीं नगर में निर्बाध पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए यूजेवीएनएल की पावर हाउस कॉलोनी लाइन से विद्युत संयोजन का भी निर्णय लिया गया।

नगर के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से व्यावसायिक दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही नगर की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए एक भव्य सांस्कृतिक मेले के आयोजन का भी निर्णय लिया गया।

धार्मिक एवं पर्यटन विकास के तहत धरासू पुल के निकट देव स्नान घाट को गंगा आरती स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा धरासू स्थित मोक्ष घाट को आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा तथा गंगेश्वर धाम के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे।

नगर क्षेत्र में खेती करने वाले किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए तारबाड़ लगाने का निर्णय लिया गया। वहीं वार्ड संख्या-4 पीपलमंडी में कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) के निकट स्मार्ट शौचालय का निर्माण भी किया जाएगा।

बैठक के बाद पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सभी स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा और चिन्यालीसौड़ का समग्र विकास ही नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखी जाएगी तथा जांच से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित तथ्यों और जवाबों को भी शीघ्र ही जनता के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button