
पुरोला/उत्तरकाशी। अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पुरोला में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता सिविल जज जूनियर डिवीजन विवेक शर्मा ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को कानून, सामाजिक जिम्मेदारियों और नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर को संबोधित करते हुए सिविल जज विवेक शर्मा ने युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता व्यक्त की और विद्यार्थियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।
इस दौरान उन्होंने यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के छोटे-छोटे नियमों का पालन कर कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों, शिक्षा के अधिकार और कानूनी जानकारी के महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की पहली सीढ़ी है। कानून की आधारभूत जानकारी युवाओं को शोषण से बचाने और समाज में न्याय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह रावत, जग महेंद्र राणा, पीएलवी काजल, नवीन चंद्र गैरोला सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



