Blog
Trending

राज्य स्थापना दिवस पर चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान, पूर्व विधायक मालचंद भी रहे मौजूद

पुरोला। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को तहसील सभागार पुरोला में प्रशासन की ओर से चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में पूर्व विधायक मालचंद भी विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलन में आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के अथक प्रयासों और बलिदान के परिणामस्वरूप ही उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान करना समाज और सरकार दोनों का दायित्व है। नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष राजपाल पंवार सहित गोविंदराम नौटियाल, राजेंद्र रावत, धनबीर चौहान, रमेश दत्त नौटियाल, सकल चंद रावत, कन्हैया सिंह, अनिल नौडियाल, रविन्द्र शर्मा समेत अन्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।

समारोह का समापन उत्तराखंड राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना के साथ किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button