पूर्व विधायक मालचंद ने पत्रकारों का किया सम्मान, 2027 के चुनाव को लेकर जताया भरोसा, बोले- टिकट मिला तो ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे

पुरोला। दीपावली के पावन अवसर पर पूर्व विधायक मालचंद ने अपने आवास पर यमुना घाटी के पत्रकारों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के पत्रकारों का फूलमालाओं से स्वागत एवं सम्मान किया और सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई बुद्धिजीवी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक मालचंद ने अपने राजनीतिक जीवन और विधायक कार्यकाल के अनुभव पत्रकारों के साथ साझा किए। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और विकास निधि के बावजूद विपक्ष में रहते हुए भी उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए। उनका उद्देश्य हमेशा दूरस्थ गांवों तक विकास की रोशनी पहुंचाना और अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
लोक संस्कृति और धार्मिक धरोहर के संरक्षण पर दिया जोर
मालचंद ने कहा कि उनके विधायक कार्यकाल में विकास कार्यों के साथ क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई। विधानसभा क्षेत्र के अनेक प्राचीन मंदिरों का सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कराया गया। इसके साथ ही पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों को धरोहर के रूप में संरक्षित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई, जिससे आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी रह सकें।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर रखी अपनी बात
पत्रकारों के साथ संवाद के दौरान आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। मालचंद ने पत्रकारों एवं क्षेत्र के बुद्धिजीवियों से विकास और जनहित से जुड़े सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी वर्गों के सकारात्मक सुझाव महत्वपूर्ण हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट मिलने की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का उन्हें लगातार प्यार, स्नेह और विश्वास मिल रहा है। यदि भारतीय जनता पार्टी उन्हें प्रत्याशी बनाती है तो जनता के आशीर्वाद से वह ऐतिहासिक मतों से जीत दर्ज करेंगे और पहले से अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ क्षेत्र की सेवा करेंगे।
पत्रकारों को बताया लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ
पूर्व विधायक ने कहा कि उन्हें दो बार पुरोला विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा करने का अवसर मिला, जिसे वह अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान मानते हैं। उन्होंने पत्रकारों को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में पत्रकारों की अहम भूमिका रहती है।
कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास में संवाद, सहयोग और जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।



