Blog
Trending

दीक्षारंभ कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों को दी विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली की जानकारी

दस्तावेज सत्यापन शिविर में बीए, बीकॉम, बीएससी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के अभिलेखों का हुआ सत्यापन

पुरोला। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के अध्ययन केंद्र, बर्फिया लाल जुवांठा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पुरोला में सोमवार को नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, दूरस्थ शिक्षा प्रणाली और अध्ययन से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देने के साथ ही दस्तावेज सत्यापन शिविर भी लगाया गया।

कार्यक्रम में यूओयू के नोडल अधिकारी कृष्णदेव रतूड़ी ने विद्यार्थियों को स्व-अध्ययन सामग्री (एसएलएम), डिजिटल स्टूडेंट पोर्टल, ई-पुस्तकालय, ऑनलाइन अध्ययन व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराना और अध्ययन प्रक्रिया को लेकर उनकी शंकाओं का समाधान करना है। 

इस दौरान विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत विशेष सत्यापन काउंटर स्थापित कर विद्यार्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, पहचान पत्रों और प्रवेश संबंधी अभिलेखों का भौतिक सत्यापन किया गया। शिविर में स्नातक प्रथम वर्ष के बीए, बीकॉम, बीएससी, परास्नातक प्रथम वर्ष के एमए, एमकॉम, एमएससी सहित विभिन्न डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।

दीक्षारंभ सत्र में विद्यार्थियों को क्रेडिट प्रणाली, असाइनमेंट जमा करने की प्रक्रिया एवं निर्धारित समय-सीमा, ऑनलाइन अध्ययन संसाधनों के उपयोग और परीक्षा संबंधी नियमों से भी अवगत कराया गया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं अध्ययन केंद्र के समन्वयकों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की अध्ययन व्यवस्था और उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी मिली। वहीं, दस्तावेज सत्यापन शिविर से प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button