पुरोला में रजत जयंती पार्क का उद्घाटन, मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया शुभारंभ
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर नगर पालिका के वार्ड-6 को मिली नई सौगात, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सुना मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन

उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद पुरोला के वार्ड संख्या-6 में नवनिर्मित रजत जयंती पार्क का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, पालिका अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन सुना।
मुख्यमंत्री के वर्चुअल उद्घाटन के बाद पार्क का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह और अधिशासी अधिकारी प्रदीप दयाल सहित पालिका के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह ने कहा कि रजत जयंती पार्क नगरवासियों के लिए एक सुंदर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया गया है। पार्क के बनने से स्थानीय लोगों को भ्रमण, विश्राम और मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि नगर के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए नगर पालिका लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में सभासद मनोज हिमानी, अंकित चौहान, पूनम नेगी, अनुराधा गुसाईं, हिमस्वेता, करुणा बिष्ट, रितेश गोदियाल, देवेंद्र चमियाल, बृजमोहन चौहान, ओमप्रकाश नौडियाल, प्यारे लाल हिमानी, कवीन्द्र असवाल, राजेंद्र असवाल और दिनेश उनियाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



