धनतेरस पर पुरोला बाजार में उमड़ी भीड़, खरीदारी को लेकर दिखा उत्साह
मिठाई, बर्तन, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों पर रही ग्राहकों की भीड़, त्योहारी सीजन से बाजार में लौटी रौनक।

पुरोला। धनतेरस पर्व को लेकर शुक्रवार को पुरोला बाजार में खूब रौनक रही। शुभ खरीदारी के लिए सुबह से ही बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। देर शाम तक बाजार में चहल-पहल बनी रही। लोगों ने धनतेरस के शुभ अवसर पर बर्तन, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान, सजावटी सामग्री सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की।

धनतेरस पर सबसे अधिक भीड़ मिठाई की दुकानों पर देखने को मिली। दीपावली पर्व को लेकर लोगों ने मिठाइयों की खरीदारी की। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की मांग को देखते हुए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का स्टॉक तैयार किया था। बाजार में मिठाई, फल-फूल और पूजा सामग्री की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

व्यापारी रामचंद्र पंवार, दलबीर चंद और धीरपाल रावत ने संयुक्त रूप से बताया कि धनतेरस के दिन बाजार में अच्छी खासी रौनक रही। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में ग्राहकों की संख्या बढ़ने से व्यापारियों में उत्साह है। पिछले दिनों की अपेक्षा बाजार में खरीदारी बढ़ी है और दीपावली तक व्यापार और बेहतर होने की उम्मीद है।
व्यापारियों ने बताया कि स्थानीय बाजार को लेकर लोगों का रुझान बढ़ रहा है, जिससे छोटे व्यापारियों को भी लाभ मिल रहा है। वहीं धनतेरस पर्व को देखते हुए बाजार में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा।



