चमोली में इंसानियत शर्मसार: नाले में जिंदा मिला नवजात, मुंह में ठूंसा था रबर
सुबह गोशाला जा रही महिला की सतर्कता से बची मासूम की जान, जिला अस्पताल में भर्ती; पुलिस ने शुरू की जांच

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र के रांगतोली गांव में आम रास्ते के किनारे स्थित एक नाले से एक नवजात शिशु जीवित अवस्था में मिला। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि उसके मुंह में बोतल के निप्पल को बांधने वाला रबर ठूंसा हुआ था। ग्रामीणों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से मासूम की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे एक महिला गोशाला जा रही थी। इसी दौरान उसकी नजर रास्ते के किनारे नाले में पड़े नवजात पर पड़ी। महिला ने तत्काल ग्राम प्रधान संतोष गुसाईं को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान और ग्राम प्रहरी मौके पर पहुंचे।
ग्राम प्रधान संतोष गुसाईं ने बताया कि नवजात के मुंह में बोतल के निप्पल को बांधने वाला रबर फंसा हुआ था। उन्होंने सावधानीपूर्वक रबर बाहर निकाला, जिसके बाद पता चला कि नवजात की सांसें चल रही हैं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चमोली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार नवजात की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



