सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में अभिभावक सम्मेलन आयोजित, छात्रों के सर्वांगीण विकास पर हुआ मंथन
विद्यालय और परिवार की साझा भूमिका पर जोर, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर समन्वय बनाने पर हुई चर्चा।

पुरोला/उत्तरकाशी। पुरोला विकासखंड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में रविवार को अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षिक, नैतिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह रावत, विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक राजेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष सरदार सिंह नेगी, विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावकों ने सहभागिता की।


सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, नियमित अध्ययन, संस्कार, विद्यालय और परिवार के बीच बेहतर संवाद तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अभिभावकों और शिक्षकों की साझा भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय और परिवार दोनों का समान सहयोग आवश्यक है।

इस अवसर पर अभिभावकों ने भी अपने सुझाव रखे तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। सम्मेलन में बच्चों के हित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की गई।



