Blog
Trending

मिशन 2027: धनोल्टी विधानसभा में कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह मल्ल ने तेज किया जनसंपर्क अभियान

मसूरी के पूर्व पालिकाध्यक्ष की धनोल्टी में दस्तक, बदलाव की चर्चाओं के बीच बढ़ी सियासी हलचल

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह मल्ल ने जनसंपर्क अभियान को गति दे दी है। वह लगातार क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों का दौरा कर ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं।

मनमोहन सिंह मल्ल इससे पहले भी धनोल्टी विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं। वर्ष 2012 में कांग्रेस पार्टी से टिकट के दावेदार रहे मनमोहन मल्ल को बेहद करीबी मुकाबले में करीब 500 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा वह दो बार मसूरी नगर पालिका के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

वर्तमान में मनमोहन मल्ल धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के गांवों और कस्बों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी लगातार जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं।

राजनीतिक जानकारों और स्थानीय लोगों के बीच धनोल्टी विधानसभा में इस बार बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सामाजिक कार्यकर्ता राकेश सिंह बयाड़ा और पूर्व जिला पंचायत संगठन अध्यक्ष टिहरी गढ़वाल जयवीर सिंह रावत का कहना है कि क्षेत्र की जनता इस बार परिवर्तन के मूड में दिखाई दे रही है और मनमोहन सिंह मल्ल को लेकर समर्थन का माहौल बनता नजर आ रहा है।

फिलहाल 2027 विधानसभा चुनाव से पहले देवभूमि की सियासत में हलचल बढ़ने लगी है। अब देखने वाली बात होगी कि धनोल्टी सीट पर कौन-कौन से चेहरे चुनावी मैदान में उतरते हैं और जनता किस पर भरोसा जताती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button