Blog
Trending

जी.डी.सी. बड़कोट में एनडीआरएफ ने छात्रों को सिखाए आपदा प्रबंधन के गुर

आग, भूकंप, प्राथमिक चिकित्सा और बचाव कार्य का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

बड़कोट, उत्तरकाशी। राजकीय महाविद्यालय बड़कोट में 21 अगस्त 2026 को आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनडीआरएफ टीम ने महाविद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों की जानकारी दी।

सब इंस्पेक्टर गजराज सिंह के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम ने आग, भूकंप, प्राथमिक चिकित्सा और बचाव कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान मॉक ड्रिल के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अग्निशमन यंत्र के संचालन, भूकंप के दौरान सुरक्षित बचाव तथा घायलों को प्राथमिक उपचार देने का प्रत्यक्ष अभ्यास कराया गया।

प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ टीम ने आपदा के समय घबराने के बजाय संयम और तत्परता से कार्य करने तथा उपलब्ध संसाधनों का सुरक्षित तरीके से उपयोग करने के बारे में भी जानकारी दी।

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. अंजू भट्ट ने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्र-छात्राओं में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आपदा की स्थिति में ‘प्रथम उत्तरदाता’ के रूप में जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में IQAC समन्वयक, समस्त विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button