हुड़ोली बाजार में सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण का विवाद, प्रशासन के आश्वासन पर टला धरना
किशन सिंह ने सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे का लगाया आरोप, तहसीलदार बोले— जांच में अवैध अतिक्रमण मिला तो होगी सख्त कार्रवाई।

पुरोला। विकासखंड पुरोला के हुड़ोली बाजार में सार्वजनिक मार्ग पर कथित अतिक्रमण का मामला गरमा गया है। स्थानीय निवासी किशन सिंह मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर तहसील परिसर में धरना देने पहुंचे। हालांकि तहसीलदार कमल सिंह राठौर के हस्तक्षेप और निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद उन्होंने फिलहाल अपना धरना स्थगित कर दिया।
किशन सिंह का आरोप है कि उनकी वर्षों पुरानी दुकान के समीप स्थित सार्वजनिक मार्ग पर कुछ माह पहले कथित रूप से अवैध निर्माण कर अतिक्रमण किया गया, जिससे आम लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि उन्होंने पहले भी तहसील प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने 29 जून को उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की मांग की थी। चेतावनी के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार को वह समर्थकों के साथ तहसील पहुंचे और धरने पर बैठने की तैयारी की।
मौके पर तहसीलदार कमल सिंह राठौर ने शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में सरकारी भूमि या सार्वजनिक मार्ग पर अवैध अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा।
प्रशासन के आश्वासन के बाद धरना फिलहाल टाल दिया गया है। अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की जांच रिपोर्ट और आगामी कार्रवाई पर बनी हुई है।



