चौपाल में पुलिस ने पढ़ाया साइबर सुरक्षा का पाठ, ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के दिए अहम टिप्स
नौगांव चौकी पुलिस ने ग्राम पलेठा में लगाया पुलिस चौपाल, साइबर अपराधों से बचने और हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की दी जानकारी।

उत्तरकाशी। सेवा, सुशासन एवं समर्पण के तहत चलाए जा रहे “सेवा पखवाड़ा” अभियान के अंतर्गत उत्तरकाशी पुलिस लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को नौगांव चौकी पुलिस ने ग्राम पलेठा में पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभारी चौकी नौगांव उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह रावत ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका यथासंभव समाधान किया। इसके बाद उन्होंने डिजिटल और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों की जानकारी दी।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक, फर्जी ई-मेल, मैसेज, वीडियो कॉल या अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर भरोसा न करें। साथ ही किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, सीवीवी, एटीएम/डेबिट कार्ड पिन, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर या ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो वह बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा निकटतम पुलिस थाने या साइबर पुलिस से संपर्क करे, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।



