
चारधाम यात्रा मार्ग पर रविवार सुबह कौड़ियाला के निकट तोताघाटी में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बद्रीनाथ से ऋषिकेश जा रही यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में 8 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे जिला नियंत्रण कक्ष (डीसीआर) टिहरी से SDRF को बस दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही निरीक्षक कवीन्द्र सजवान के नेतृत्व में SDRF पोस्ट ढालवाला और ब्यासी की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
मौके पर पहुंची SDRF टीमों ने पाया कि चारधाम यात्रा बस संख्या UK04 PA 0418 सड़क पर ही पलटी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। बस में कुल 39 यात्री सवार थे।
हादसे में घायल 8 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। SDRF जवानों ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव के बीच हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर वाहन संचालन में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।



