
उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा-2026 के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तरकाशी पुलिस द्वारा नशा तस्करों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बड़कोट पुलिस ने एक और नशा तस्कर को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में यात्रा मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान शनिवार शाम यमुनोत्री हाईवे स्थित फूलचट्टी के पास एक युवक को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल चौहान (26 वर्ष) पुत्र अजब सिंह चौहान निवासी ग्राम म्यूंडा, थाना चकराता, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2.80 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली बड़कोट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है तथा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार (चौकी प्रभारी जानकीचट्टी), अपर उपनिरीक्षक रमेश लाल तथा मुख्य आरक्षी संजय कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। यात्रियों की सुरक्षा, शांतिपूर्ण यात्रा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उत्तरकाशी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



