
बड़कोट, उत्तरकाशी | 25 अप्रैल 2026
राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, बड़कोट के हिंदी विभाग के तत्वावधान में शनिवार को विभागीय परिषद का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर को साहित्यिक रंग देते हुए कविता-पाठ एवं कहानी-वाचन प्रतियोगिता का भी सफल आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में बी.ए. के विभिन्न सेमेस्टर के विद्यार्थियों—अंशिका, रज़िया, निकिता, सौम्या, सचिन (द्वितीय सेमेस्टर), अनुसूया, सोनी, दिपेंद्र रावत, सुजल शाह (षष्ठम सेमेस्टर), कंचन, आईषा, मिलन (चतुर्थ सेमेस्टर) आदि ने भाग लेते हुए अपनी साहित्यिक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों में भाषा की सरलता, भावों की गहराई और अभिव्यक्ति की परिपक्वता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रत्येक सेमेस्टर के आधार पर महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान हिंदी विभाग के प्राध्यापक डी. पी. गैरोला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हिंदी भाषा, साहित्य तथा कविता और कहानी की समकालीन प्रासंगिकता पर विस्तार से विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साहित्यिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के ज्ञान-विस्तार के साथ-साथ उनकी सृजनात्मक सोच को विकसित करती हैं और अभिव्यक्ति के नए आयाम खोलती हैं।




