अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस ने हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय दिलाने की मांग उठाई

अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को पुरोला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें याद किया। नगर के मुख्य बाजार तिराहे पर आयोजित सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार से अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय दिलाने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि घटना को चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन मामले से जुड़े कई सवालों के जवाब अभी भी जनता के सामने आने बाकी हैं।
सभा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, हरिमोहन जुवांठा सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में तीन दोषियों को न्यायालय द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है। वहीं, प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं और कथित वीआईपी एंगल को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को पूरी तरह न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र नेगी, पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, कविंद्र असवाल, हरिमोहन जुवांठा, जगवीर रावत, रेखा नौटियाल, राजुली बत्रा, मुकेश, किशन सिंह रावत, संदीप सिंह, अनिशा, अदिति, दिव्या, सलोनी, हिमांशु कुमार सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



