गुण्डियाट गांव की राजस्व पुलिस चौकी बदहाल, ग्रामीणों को 15 किलोमीटर दूर पुरोला के लगाने पड़ रहे चक्कर
चौकी परिसर में उगी झाड़ियां, नियमित कर्मचारी की तैनाती नहीं होने से राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशान हो रहे ग्रामीण।

पुरोला। विकासखंड पुरोला के गुण्डियाट गांव में स्थित राजस्व पुलिस चौकी लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। चौकी परिसर के चारों ओर झाड़ियां उग आई हैं, वहीं यहां राजस्व विभाग का कोई कर्मचारी नियमित रूप से मौजूद नहीं रहता। इसके चलते आसपास के गांवों के लोगों को भूमि संबंधी कार्यों के लिए 14 से 15 किलोमीटर दूर तहसील मुख्यालय पुरोला जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व पुलिस चौकी स्थापित करने का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर लोगों को राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना था, लेकिन कर्मचारियों की नियमित अनुपस्थिति के कारण चौकी का संचालन प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रहा है। नामांतरण, सीमांकन, भूमि अभिलेख, प्रमाणपत्र सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए ग्रामीणों को बार-बार पुरोला के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे उनका समय और धन दोनों खर्च हो रहे हैं, वहीं खेती-किसानी सहित अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित होते हैं।
ग्रामीण नितिन पंवार, तुषार नौटियाल, विरेन्द्र रावत सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से राजस्व पुलिस चौकी की स्थिति सुधारने और यहां नियमित रूप से कर्मचारियों की तैनाती करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि चौकी में राजस्व कर्मियों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित होने से आसपास के कई गांवों के लोगों को राहत मिल सकती है।
इस संबंध में तहसीलदार कमल सिंह राठौर ने बताया कि राजस्व पुलिस चौकी भवन की मरम्मत के लिए बजट स्वीकृति का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र में स्वीकृत पदों की तुलना में राजस्व उपनिरीक्षकों की संख्या काफी कम है। वर्तमान में उपलब्ध राजस्व उपनिरीक्षकों को कई-कई गांवों का अतिरिक्त प्रभार संभालना पड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक चौकी पर नियमित रूप से कर्मचारी उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।



